यूनिक समय, नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के खिलाफ पंजाब के किसानों ने एक बार फिर दिल्ली कूच का शंखनाद कर दिया है। मंगलवार सुबह से ही पंजाब के किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली के किसान घाट की ओर बढ़ने के लिए पटियाला-अंबाला के शंभू बॉर्डर और संगरूर-जींद के खनौरी बॉर्डर पर भारी तादाद में एकत्र होने शुरू हो गए हैं। किसानों के अचानक बढ़े जमावड़े और दिल्ली मार्च को देखते हुए हरियाणा पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। बॉर्डर पर बैरिकेडिंग और JCB तैनात हरियाणा सरकार और पुलिस प्रशासन ने किसानों को दिल्ली की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए राज्य की सीमाओं पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शंभू और खनौरी दोनों ही प्रमुख बॉर्डरों पर भारी पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती के साथ कटीले तारों से मजबूत नाकाबंदी कर दी गई है। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बॉर्डरों पर भारी जेसीबी (JCB) मशीनें भी तैनात की हैं। इन मशीनों को लगाने का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि प्रदर्शनकारी किसान किसी प्रकार का अस्थायी या स्थायी निर्माण (पक्का मोर्चा) करने का प्रयास करते हैं, तो उसे तुरंत हटाया जा सके। हरियाणा पुलिस द्वारा रास्ता रोके जाने के बाद किसान शंभू बॉर्डर पर ही धरने पर बैठ गए हैं। इस पूरे आंदोलन की अगुआई किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण सिंह पंधेर कर रहे हैं। जिस प्रकार से धरना स्थल पर टेंट, त्रिपाल और रसद की आपूर्ति बढ़ाई जा रही है, उससे संकेत मिल रहे हैं कि बॉर्डर पर एक बार फिर लंबा और पक्का मोर्चा लगाने की पूरी तैयारी की जा रही है। अंबाला में धारा 163 लागू किसानों के भारी हुजूम को देखते हुए अंबाला जिला प्रशासन ने धारा 163 (BNS) लागू कर दी है। पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए किसानों को चेतावनी दी है कि वे बैरिकेड्स से कम से कम 100 मीटर की दूरी बनाए रखें। शंभू बॉर्डर के अचानक बंद हो जाने के कारण जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप पड़ गया है। यात्रियों को भारी असुविधा से बचाने के लिए हरियाणा पुलिस ने ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट कर दिया है। आम जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए 112 नंबर पर संपर्क करें। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले भी किसान आंदोलन के चलते NH-44 का शंभू बॉर्डर लगभग 13 महीने (401 दिन) तक पूरी तरह बंद रहा था, जिसे लंबे अंतराल के बाद खोला गया था। केंद्रीय कृषि मंत्री संग बैठक की संभावना इसी बीच प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों से राहत भरी खबर आ रही है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, शंभू बॉर्डर पर जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए आज शाम को किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल की केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ उच्च स्तरीय वार्ता हो सकती है। अंबाला एसपी अजीत सिंह शेखावत के साथ किसान नेताओं की हुई शुरुआती बातचीत के बाद सहमति का एक फॉर्मूला तैयार किया गया है, जिसके तहत हिरासत में लिए गए किसान समर्थकों को शाम तक रिहा किया जा सकता है। स्थिति का जायजा लेने के लिए हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और अंबाला के डीसी अजय सिंह तोमर के भी थोड़ी देर में शंभू बॉर्डर पहुंचने की उम्मीद है। दिल्ली कूच पर राजनीतिक बयान किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने मीडिया से बात करते हुए साफ किया कि "किसान किसी भी तरह के टकराव की मंशा से नहीं आए हैं। हम शांतिपूर्ण तरीके से राजधानी दिल्ली जाकर अपनी बात रखना चाहते हैं। हरियाणा और केंद्र सरकार अकारण बैरिकेड लगाकर रास्ता रोक रही है। किसान प्रशासन से हर मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार हैं, बशर्ते पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए हमारे साथियों को तुरंत रिहा किया जाए।" पंजाब भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता अनिल सरीन ने किसान आंदोलन के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि "अभी तक अमेरिका और भारत के बीच किसी ट्रेड डील पर अंतिम मुहर ही नहीं लगी है और न ही इसकी कोई आधिकारिक रूपरेखा सामने आई है। जिस काम को सरकार ने अभी किया ही नहीं, उसका विरोध समझ से परे है। ऐसा लगता है कि कुछ नेताओं के संपर्क शायद विदेशी स्रोतों से हैं, जिन्हें सब पहले से पता चल जाता है। कुछ लोगों का मकसद केवल पंजाब के शांत माहौल को बार-बार खराब करना रह गया है।" नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: Mangal Milan: NDA संसदीय दल की बैठक में गरजे पीएम मोदी; बोले— ‘NEET पेपर लीक के गुनाहगारों को बख्शा नहीं जाएगा’ ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]