Thu, Jun 11th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

ईशा रिखी ने बादशाह संग रोमांटिक फोटो शेयर कर शादी की अफवाहों पर लगाया फुलस्टॉप, पोस्ट कर लिखा – ‘हां, मैं शादीशुदा हूं’

by यूनिक समय • June 11, 2026
Advertisement
Ad
यूनिक समय, नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह (Badshah) तथा पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की खूबसूरत अभिनेत्री ईशा रिखी (Isha Rikhi) के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से चल रही शादी की अटकलों और सस्पेंस पर आखिरकार ईशा रिखी ने खुद विराम लगा दिया है।

ईशा ने सोशल मीडिया पर बादशाह के साथ एक बेहद रोमांटिक तस्वीर साझा करते हुए अपनी शादी की खबरों पर आधिकारिक तौर पर मुहर लगा दी है। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर फॉलो न करने के राज से पर्दा उठाने की जिम्मेदारी भी अपने ‘पतिदेव’ यानी बादशाह पर डाल दी है।

इंस्टाग्राम पर प्रशंसकों ने लगाई सवालों की झड़ी

दरअसल, यह पूरा खुलासा उस समय हुआ जब ईशा रिखी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रशंसकों के साथ जुड़ने के लिए ‘आस्क मी एनीथिंग’ (Ask Me Anything) यानी ‘कुछ सवाल, कुछ जवाब’ का एक दिलचस्प सेशन रखा। इस सेशन के दौरान फैंस ने ईशा से उनकी निजी जिंदगी को लेकर कई तीखे और मजेदार सवाल पूछे।

इसी कड़ी में एक फैन ने सीधे तौर पर पूछा, “मैडम, आपकी और बादशाह भाई की शादी हो गई है, तो फिर आप दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को फॉलो क्यों नहीं किया है?” इस सवाल ने सोशल मीडिया पर पहले से चल रही चर्चाओं को हवा दे दी, जिसके बाद ईशा ने भी बिना हिचकिचाहट के बेहद बेबाकी से जवाब दिया।

ईशा बोलीं— ‘हां, मैं शादीशुदा हूं, अब जवाब पतिदेव ही देंगे’

लगातार आ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए ईशा रिखी ने लिखा, “मुझे लगता है कि मुझ पर ऑफिशियली इन सवालों की बाढ़ आ गई है कि- क्या आप शादीशुदा हैं? क्या आपकी शादी बादशाह से हुई है? आप एक-दूसरे को फॉलो क्यों नहीं करते? आप एक साथ तस्वीरें क्यों नहीं पोस्ट करते?”

इसके बाद ईशा ने बड़ा खुलासा करते हुए आगे लिखा, “हां, मैं शादीशुदा हूं। अब सबसे ज्यादा पूछे जाने वाले सवाल पर आते हैं कि हम एक-दूसरे को फॉलो क्यों नहीं करते? ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि मेरे पति को आप सभी को इसका स्पष्टीकरण (Explanation) देना चाहिए।” ईशा ने इतने पर ही रुकने के बजाय इस पोस्ट में सीधे बादशाह को टैग करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा, “पतिदेव दर्शकों के कुछ सवाल हैं। कृपया उन्हें जल्द से जल्द जवाब दीजिए।”

तस्वीर पोस्ट न करने के सवाल पर शेयर की फोटो

इस सेशन के दौरान एक अन्य यूजर ने ईशा की शादीशुदा जिंदगी पर सवाल उठाते हुए लिखा, “आपने अपने पति बादशाह के साथ कोई फोटो क्यों नहीं पोस्ट की है? आप उनकी पत्नी हैं और प्रोफाइल पर एक भी तस्वीर नहीं है!”

इस सवाल का जवाब ईशा ने लिखकर नहीं, बल्कि सीधे एक्शन से दिया। उन्होंने तुरंत बादशाह के साथ अपनी एक बेहद खूबसूरत और अनदेखी रोमांटिक तस्वीर साझा कर दी। इस तस्वीर के सामने आते ही फैंस का दिल बाग-बाग हो गया है।

मार्च में हुई थी गुपचुप शादी

गौरतलब है कि इसी साल मार्च 2026 में खबरें आई थीं कि बादशाह और ईशा रिखी ने बेहद निजी समारोह में गुपचुप तरीके से शादी रचा ली है। उस दौरान सोशल मीडिया पर उनकी शादी की कुछ कथित तस्वीरें भी वायरल हुई थीं, लेकिन दोनों में से किसी ने भी तब सार्वजनिक रूप से इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया था। अब ईशा के इस बड़े कुबूलनामे और रोमांटिक फोटो के बाद दोनों के फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां दे रहे हैं, और साथ ही बादशाह के जवाब का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.