यूनिक समय, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर कान्हा की नगरी मथुरा आ रहे हैं। अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मथुरा और वृंदावन के सर्वांगीण विकास के लिए करीब 446.09 करोड़ रुपए की 42 विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की 19 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जिनकी लागत 263.69 करोड़ रुपए है। इसके साथ ही 182.39 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हो चुकी 23 परियोजनाओं का लोकार्पण कर जनता को समर्पित करेंगे। 3 सितंबर को आगमन और प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 सितंबर को वृंदावन स्थित पवन हंस हेलीपैड पर पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान सीएम योगी ब्रज के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे, जिसके तहत वह वृंदावन के प्राचीन रंगनाथ मंदिर, गोविंद देव मंदिर और ठा. बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके अलावा जन्माष्टमी के मुख्य अवसर पर सीएम योगी श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर पहुंचकर बाल गोपाल के दर्शन करेंगे और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना करेंगे। मुख्यमंत्री के इस संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। सखीगिरी पर्वत से लेकर जन्मस्थान गलियारों तक का कायाकल्प उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा कई महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन स्थलों का संरक्षण एवं ईको-रेस्टोरेशन कराया जाएगा। इसके तहत गोवर्धन तहसील के ऊंचागांव स्थित सखीगिरी पर्वत के 30 हेक्टेयर वन क्षेत्र का ईको-रेस्टोरेशन किया जाएगा। साथ ही महावन के प्रेमनगर स्थित बौद्ध विहार परिसर में पर्यटक सुविधाओं का विकास और शेरगढ़ के श्री दाऊजी मंदिर परिसर का संरक्षण संपन्न होगा। इसके अलावा मंदिर परिसरों में शेड, पार्किंग व प्रसाधन सुविधाएं विकसित की जाएंगी तथा फरह के दीनदयाल धाम में पर्यटन अवस्थापना केंद्र बनाया जाएगा। वहीं, वृंदावन परिक्रमा मार्ग के भवनों पर फसाड लाइटिंग, सौंदर्यीकरण और नए साइनेज लगाने का कार्य भी किया जाएगा। प्रमुख सड़कों का निर्माण और शहरी बुनियादी ढांचा मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण शहर के यातायात और सौंदर्य को बेहतर बनाने के लिए कई प्रमुख प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है। इसके तहत छाता क्षेत्र में 30 मीटर चौड़ी नई मास्टर प्लान रोड का निर्माण किया जाएगा। वहीं छटीकरा-वृंदावन मार्ग और मथुरा कट से टैंक चौराहा मार्ग का सौंदर्यीकरण होगा, जबकि लक्ष्मी नगर तिराहे से कृष्णापुरी तिराहे तक सड़क का उच्चीकरण किया जाएगा। इसके अलावा, बरसाना परिक्रमा मार्ग पर पार्किंग व पर्यटक सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी तथा श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास की गलियों और मुख्य मार्गों पर आकर्षक स्ट्रीट फसाड विकसित किया जाएगा। 23 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का होगा लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों ब्रज क्षेत्र में तैयार हो चुकी 23 विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे कई टूरिस्ट सेंटरों और ऐतिहासिक स्थलों को जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके तहत अकबरपुर जैत के टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, करहला में वज्रनाभ समाधि के पुनरुद्धार और वृंदावन के सुनरख में सौभरि ऋषि वाटर बॉडी के सौंदर्यीकरण का लोकार्पण होगा। साथ ही नौहझील के झाड़ी वाले हनुमान मंदिर पर जनसुविधाओं के विकास के साथ-साथ पानीगांव स्थित यमुना पुल और केशीघाट पर आकर्षक फसाड लाइटिंग की शुरुआत की जाएगी। इसके अलावा मथुरा परिक्रमा मार्ग के नवीनीकरण, बहुभाषी साइनेज बोर्ड, गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में गेस्ट हाउस, यमुना एक्सप्रेस-वे से पागल बाबा मंदिर मार्ग पर भव्य प्रवेश द्वार तथा जिले की सीमाओं पर बने स्वागत द्वारों का भी लोकार्पण संपन्न होगा। वहीं विश्व बैंक की सहायता से प्रो-पुअर पर्यटन विकास परियोजना के तहत निर्मित सीएलटी सेंटर, इंटीग्रेटेड फ्लावर मैनेजमेंट सेंटर, कृष्णा पोशाक आर्टीशन सेंटर और जैंत मॉडल आर्टीशन विलेज को भी जनता को सौंपा जाएगा। नोट: यूनिक समय को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। यह भी पढ़े: UP Electricity Bill: उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत; सितंबर में 7.93% सस्ता होगा बिजली बिल ताजा खबरों के साथ अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp Channel को जरूर सब्सक्राइब करें। [web_stories title="true" excerpt="false" author="false" date="false" archive_link="true" archive_link_label="" circle_size="150" sharp_corners="false" image_alignment="left" number_of_columns="1" number_of_stories="8" order="DESC" orderby="post_date" view="carousel" /]