Thu, Jun 25th, 2026
Advertisement
Ad
Advertisement
Ad

खुलासा करने वाले पुलिसकर्मियों व अधिकारियों का किया गया सम्मान

by manish • December 22, 2023
Advertisement
Ad

यूनिक समय, मथुरा। अपराध एवं कानून व्यवस्था को लेकर जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश पाण्डेय ने कहा कि अपराध नियंत्रण में जनता सहयोग जरूरी है। बिना जन सहयोग के पुलिस अपराधों पर लगाम नहीं लगा सकती है। जनपद में आम जन और व्यापारी समाज की पूर्ण सुरक्षा के लिए पुलिस वचनबद्ध है।

ये विचार एसएसपी ने बीती सायं नगर के एक होटल में गुरु कृपा बिलासपुर समिति द्वारा आयोजित पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि हमारे पास कोई अलाद्दीन का चिराग नहीं है कि अपराध होते ही हम उसको घिसकर तत्काल खुलासा कर सके या अपराधी पकड़ सकें। इसके लिए आम जनमानस को सजग रहना जरूरी है। गुरुकृपा विलास और श्रीनाथ अपार्टमेंट में हुई घटनाओं का जनता की सजगता से ही राजफाश हो सका है।

उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी ईमानदारी के साथ प्रयास करती है कि समाज में उसका विश्वास कायम रहे। घटना होने पर जितना कष्ट पीड़ित को होता है उससे कहीं ज्यादा पुलिस को वो दर्द महसूस होता है। आज इस आधुनिक युग में हमको अपने घर -दुकान प्रतिष्ठान की सुरक्षा के लिए उच्च तकनीक के कैमरे लगाने चाहिए। उसकी डीवीआर को सुरक्षित स्थान पर फिट कराकर कम से कम 4-5 दिन की रिकार्डिंग क्लाउड पर करनी चाहिए। गुरु कृपा विलास समिति के प्रमुख समाजसेवी शंकर लाल अग्रवाल ने 3/4 नवम्बर की रात्रि हाईवे स्थित गुरुकृपा विलास आवासीय कॉलौनी में हुई दुस्साहसिक घटना के खुलासे करने पर एक लाख रुपये का नकद इनाम एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय को दिया। इसके अलावा घटना के खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम, एसओजी, स्वॉट, सर्विलांस को भी शॉल स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

नेशनल चैम्बर आफ कामर्स के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल बृजवासी ने कहा कि हमको अपने साथ हुई घटनाओं को छिपाना नहीं चाहिए, पुलिस पर बिना विश्वास के सरल जीवन की कल्पना निरर्थक है। कान्हा माखन स्कूल ग्रुफ के प्रबन्ध निदेशक अनिल अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी समाज जिस तरह अपने व्यापार आमदनी को लेकर सजग रहता है उसी तरह हमको अपनी जान माल की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना होगा।
एनयूजेआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं बृज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एड. ने कहा कि व्यापारी चकाचौंध, ग्लैमर दिखावे के चक्कर में अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं देता है। वर्तमान युग में जानमाल की सुरक्षा मुख्य प्राथमिकता रहनी चाहिए।

समारोह में एसपी सिटी डॉ. अरविन्द कुमार, सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा, कोतवाली प्रभारी रवि त्यागी, हाईवे थाना प्रभारी उमेश त्रिपाठी, सदर थाना प्रभारी छोटे लाल का सम्मान किया गया। इस अवसर पर युवा भाजपा नेता श्याम सिंघल, प्रमिल कसेरे, गोविंद अग्रवाल मुकुट वाले, बृज किशोर बंसल, अनिल भाई, विपिन अग्रवाल, गजानंद अग्रवाल, विकास अग्रवाल आदि उपस्थित थे। संचालन अनूप शर्मा ने किया।

Advertisement
Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published.